चौबेपुर : शादी का झांसा देकर धोखा
युवती 25 दिन से लगा रही थाने का चक्कर, अब तक नहीं दर्ज हुई एफआईआर
वाराणसी (जनवार्ता) । चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ धोखाधड़ी और यौन शोषण का मामला अब न्याय की प्रतीक्षा में अटका हुआ है। पीड़िता ने 25 दिन पहले थाने में विस्तृत तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने अब तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की है। युवती रोजाना थाने का चक्कर लगा रही है, लेकिन दोषी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

पीड़िता, जो चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है, ने बताया कि वर्ष 2025 में shaadi.com जैसी मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से उसकी मुलाकात आगरा में नौकरी करने वाले एक युवक से हुई। बातचीत आगे बढ़ी, युवक वाराणसी आया और इसके बाद दोनों प्रयागराज में मिले। वहां तीन दिनों तक एक होटल में रुकने के दौरान युवक ने शादी का पूरा भरोसा दिलाया। प्यार भरी बातों में फंसाकर उसने खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिला दिया और पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने विरोध जताया तो युवक ने कहा, “शादी तो करनी ही है, इसमें क्या दिक्कत है?”
प्रयागराज से लौटने के बाद युवक का रवैया पूरी तरह बदल गया। फोन पर गाली-गलौज करने लगा और साफ इंकार कर दिया कि अब शादी नहीं करेगा। पीड़िता ने शारीरिक शोषण, नशीले पदार्थ के इस्तेमाल, मानसिक उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग की शिकायत थाने में की, लेकिन 25 दिनों बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
पीड़िता ने गुस्से में कहा, “मैं रोज थाने जाती हूं, लेकिन पुलिस मुझे ही परेशान कर रही है। दोषी को सजा दिलाने की बजाय मेरी आवाज दबाई जा रही है।
यह मामला ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म्स के जरिए होने वाली धोखाधड़ी और यौन शोषण के बढ़ते खतरे को उजागर करता है। पीड़िता अब उच्च पुलिस अधिकारियों का रुख करने की तैयारी कर रही है। स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या पीड़िताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है या उन्हें जानबूझकर टाला जा रहा है?

