मुख्यमंत्री योगी ने बाढ़ राहत, विकास और कानून व्यवस्था पर दिया जोर

मुख्यमंत्री योगी ने बाढ़ राहत, विकास और कानून व्यवस्था पर दिया जोर

15000 करोड़ की 66 परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने का  निर्देश

वाराणसी (जनवार्ता ): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वाराणसी में विकास परियोजनाओं, कानून व्यवस्था और बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य पूर्ण करने और बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को प्राथमिकता पर राहत सामग्री और मुआवजा प्रदान किया जाए। उन्होंने बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति पर विशेष ध्यान देने और जलजमाव रोकने के लिए मानक के अनुरूप ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, 66 बड़ी परियोजनाओं, जिनकी लागत लगभग 15,000 करोड़ रुपये है, को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। रिंग रोड फेज-2 को जनवरी 2026 और कज्जाकपुरा फ्लाइओवर को नवंबर 2025 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कानून व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने अपराधियों पर नकेल कसने और पुलिस का भय स्थापित करने को कहा। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में दलालों और प्रोफेशनल ब्लड डोनरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, अवैध कब्जों पर अंकुश और खाद की कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए। मॉरीशस के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के लिए सुरक्षा और अन्य तैयारियों को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने निराश्रित गोवंश और आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान, टीबी मुक्त वाराणसी के लिए अभियान और जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत निवारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने वीडीए और यूपीसीडा द्वारा आवंटित भूमि पर समयबद्ध विकास कार्य सुनिश्चित करने, अन्यथा जुर्माना और वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़े   30 हजार कमाने वाली सब-इंजीनियर के पास मिली करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने परियोजनाओं की प्रगति और बाढ़ की स्थिति पर प्रस्तुति दी, जबकि मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने विकास योजनाओं, कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जानकारी साझा की। बैठक में मंत्री अनिल राजभर, रवीन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी सहित कई विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *