चितईपुर पुलिस ने 15 लाख की चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

चितईपुर पुलिस ने 15 लाख की चोरी का किया खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

वाराणसी (जनवार्ता)। चितईपुर थाना पुलिस ने बंद मकान में हुई करीब 15 लाख रुपये की चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान भी बरामद कर लिया है।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, 3 जून को चितईपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चितईपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान 6 जून को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो युवक प्रज्ञानगर कॉलोनी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आकाश पटेल (23 वर्ष) निवासी नासिरपुर, थाना चितईपुर तथा अनुज साहनी (22 वर्ष) निवासी प्रज्ञानगर कॉलोनी, सुंदरपुर, थाना चितईपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बंद मकान की रेकी कर सुनियोजित ढंग से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद उन्होंने सामान को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गए अधिकांश आभूषण एवं अन्य सामान बरामद कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

इसे भी पढ़े   आंध्र प्रदेश : पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के सफल अनावरण पर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *