छितौना कांड: तीन माह बाद छोटू राजभर की मौत
भाजपा के पूर्व बूथ अध्यक्ष गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता): जिले के छितौना गांव में 5 जुलाई को हुए मारपीट कांड में घायल छोटू राजभर (45) की गुरुवार रात बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। तीन महीने तक जिंदगी और मौत से जूझ रहे छोटू की मौत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी भाजपा के पूर्व बूथ अध्यक्ष संजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना गांव में 5 जुलाई को खेत में मवेशी चरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद मारपीट, पथराव और धारदार हथियार से हमले तक पहुंच गया, जिसमें छोटू राजभर सहित चार लोग घायल हुए थे। घटना के बाद कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और सुभासपा समर्थकों के दबाव पर संजय सिंह, अमित सिंह, अनुराग सिंह व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दो बाल अपचारियों को पहले ही हिरासत में लिया गया था। संजय सिंह भी घटना में घायल होकर पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती थे।
छोटू की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की है। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
इस घटना ने पहले भी सुर्खियां बटोरी थीं, जब करणी सेना और सुभासपा कार्यकर्ताओं ने चौबेपुर थाने पर प्रदर्शन किया था। मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष रविकांत मलिक को लाइन हाजिर किया गया था। सुभासपा नेता अरविंद राजभर ने छोटू की मौत को पूरे समाज की क्षति बताया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने भी दुख जताया।
संजय सिंह के भाई दिग्पाल सिंह की तहरीर पर भोला राजभर, सुरेंद्र राजभर, राजेंद्र राजभर, रामाश्रय राजभर, महेंद्र राजभर, राम गुलाम राजभर व एक अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है।