चोलापुर : डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, सात आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयपुर गांव में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर हंगामा मचा दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार रात या सोमवार की सुबह अज्ञात व्यक्तियों ने गांव में स्थापित अम्बेडकर की प्रतिमा को तोड़-फोड़ कर क्षति पहुंचाई। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर जमा होकर विरोध जताया। चोलापुर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
भीम आर्मी और आंबेडकरवादी कार्यकर्ताओं ने इस घटना को जातिवादी तत्वों की साजिश करार दिया। गांव के निवासी प्रियांशु कुमार ने बताया कि कुछ जातिवादी लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा को जानबूझकर निशाना बनाया। विरोध के दौरान भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा की मरम्मत और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की। प्रारंभिक जांच में राजभर समाज से जुड़े 14 लोगों को नामजद किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि नामजद आरोपियों में से सात को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रभारी निरीक्षक ने प्रतिमा की मरम्मत और पुनर्स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां की हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना संविधान निर्माता के प्रति सम्मान और सामाजिक सद्भाव पर सवाल उठाती है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रतिमा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।

