श्री काशी विश्वनाथ धाम से मां विशालाक्षी गौरी को भेजा गया वस्त्र और श्रृंगार
वाराणसी (जनवार्ता) । वासंतिक चैत्र नवरात्र के आठवें दिन गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम से शक्तिपीठ मां विशालाक्षी गौरी के दरबार में वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री का पावन उपहार भेजा गया।

मंदिर न्यास के अधिकारियों के अनुसार, आज चैत्र नवरात्र की अष्टमी तिथि मां मंगला गौरी को समर्पित है। इस शुभ अवसर पर श्री विश्वेश्वर महादेव का अवलोकन करवाकर मंदिर के शास्त्रियों ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मां विशालाक्षी गौरी को धारण करने योग्य वस्त्र और श्रृंगार सामग्री अर्पित की।
इस परंपरा के अनुसार नवरात्र के दौरान प्रतिदिन मां गौरी के विभिन्न स्वरूपों (जिन दिनों के लिए समर्पित हैं) को श्री काशी विश्वनाथ धाम से वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री भेजी जा रही है।
इसी दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। अष्टमी के दिन मंदिर के शास्त्रियों द्वारा स्थापित कलश की दुर्गा पाठ के माध्यम से विधिवत आराधना की गई, जिसमें भक्तिभाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संचार हुआ।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, नवरात्र की पूरी अवधि में दुर्गा पाठ प्रतिदिन नियमित रूप से जारी रहेगा।

