एयर शो की तैयारियों पर सीएम योगी सख्त, घाटों तक आम लोगों की पहुंच आसान रखने के निर्देश

एयर शो की तैयारियों पर सीएम योगी सख्त, घाटों तक आम लोगों की पहुंच आसान रखने के निर्देश

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा, 200 मोबाइल शौचालय और 280 पानी के टैंकरों की व्यवस्था

वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और रविवार को नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भीड़ नियंत्रण के नाम पर अनावश्यक बैरिकेडिंग न की जाए और गंगा घाटों तक पहुंचने में लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

rajeshswari

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के मद्देनजर गंगा घाटों सहित सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने, प्रभावी यातायात योजना लागू करने और रूट डायवर्जन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि सुरक्षा प्रबंधों के बीच आम नागरिकों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए।

घाटों पर सफाई, पानी और शौचालय की व्यवस्था

बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि गंगा घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। दर्शकों की सुविधा के लिए 200 मोबाइल शौचालय और 280 पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है। घाटों और प्रमुख मार्गों पर दो हजार कूड़ेदान रखे जाएंगे, जबकि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 200 सफाई स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।

इसे भी पढ़े   वाराणसी: मिंट हाउस में भक्ति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम, सुंदरकांड और कजरी संध्या में शामिल हुए असम के राज्यपाल

मुख्यमंत्री ने शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में पड़े कूड़े को भी तत्काल हटाने को कहा। साथ ही सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि एयर शो देखने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों ने प्रस्तुत किया तैयारियों का ब्योरा

बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने समीक्षा के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने को कहा।

बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक कुमार तिवारी, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *