कांग्रेस ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में किया प्रदर्शन
उच्चस्तरीय जांच की मांग, आंदोलन की चेतावनी
वाराणसी (जनवार्ता) । ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शंखनाद के साथ विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व वाराणसी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। उन्होंने कहा कि यदि शंकराचार्य महाराज के खिलाफ कोई दमनात्मक कार्रवाई की गई तो कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर लोकतांत्रिक विरोध करेगी और व्यापक स्तर पर आंदोलन छेड़ेगी।
ज्ञापन में कांग्रेस ने अमावस्या के पावन अवसर पर शंकराचार्य एवं उनके शिष्यों को पुलिस द्वारा स्नान से रोकने, कथित अपमानजनक व्यवहार करने तथा बाद में गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की घटना को निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। पार्टी ने आरोप लगाया कि यह पूरा प्रकरण संत समाज और सनातन परंपरा की गरिमा से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा, “भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत प्रत्येक नागरिक तथा धार्मिक संप्रदायों को अपने धार्मिक आचरण और प्रबंधन की स्वतंत्रता प्राप्त है। शंकराचार्य जैसे सर्वोच्च आध्यात्मिक पद की मर्यादा के साथ ऐसा व्यवहार संवैधानिक भावना के विपरीत है।”
ज्ञापन में घटनाक्रम को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। कांग्रेस ने आशंका जताई कि संत समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन में फसाहत हुसैन, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, सतनाम सिंह, विनोद सिंह, अशोक सिंह, गिरीश पांडेय, वकील अंसारी, मनीष मोरोलिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
बता दें कि प्रयागराज में स्पेशल पॉक्सो कोर्ट के आदेश पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य के खिलाफ बाल यौन शोषण के आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन आरोपों को निराधार और षड्यंत्रपूर्ण बताया है तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है। यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है।

