चौबेपुर में बढ़ा अपराध का ग्राफ
चौबेपुर (जनवार्ता): चौबेपुर थाना क्षेत्र में अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम मढनी में दिनदहाड़े चोरी के प्रयास और मारपीट की घटना के बीच गरथौली क्षेत्र में बिजली केबल की बड़ी चोरी का मामला भी सामने आया है, जिससे अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।ग्राम मढनी की घटना में अशोक यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर सोनू, समीर, विकास और राज आर्यन नामक शख्सों के एक गिरोह ने उनके घर में जबरन घुसकर चोरी का प्रयास किया। अशोक के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने आरोपियों को रंगेहाथों पकड़ा, मामा हिंसक हो गया। आरोपियों ने अशोक के सिर पर लात-घूंसों से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना में उनके भाई जगदीश यादव और बुजुर्ग माँ सावित्री देवी भी नहीं बच पाएं और हमलावरों ने उन पर भी निर्ममता से हमला किया।
मामले में थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरी ओर, गरथौली उपकेंद्र क्षेत्र में बिजली केबल की बड़ी चोरी का मामला भी पुलिस के सामने सिरदर्द बना हुआ है। अवर अभियंता सर्वेश कुमार बिंद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, चोरों के एक गिरोह ने लगातार दो रातों में तीन अलग-अलग स्थानों से कुल 2260 मीटर बिजली केबल लूट ली। इस घटना से पिपरी और पल्कहा गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। गंभीर बात यह है कि अब तक इस मामले में किसी भी आरोपी का पता नहीं चल सका है।


