शीशम के पेड़ से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव
वाराणसी । राजातालाब थानांतर्गत मातलदेई पुलिस चौकी क्षेत्र के नियैसीपुर गांव में मोहन सराय-अदलपुरा मार्ग के किनारे बुधवार अपराह्न करीब 3 बजे एक शीशम के पेड़ पर अज्ञात युवक का शव फंदे से लटकता मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज साकेत पटेल ने शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों और ग्रामीणों से शिनाख्त का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। युवक की उम्र करीब 25-30 वर्ष बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, परंतु हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस ने आसपास के थानों व चौकियों में अज्ञात शव की सूचना प्रसारित कर दी है तथा लापता व्यक्तियों की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। शिनाख्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

