ढकवा गांव में नदी में मिला नवयुवक का शव, पुलिस ने की जांच शुरू
चौबेपुर (जनवार्ता):स्थानीय थाना क्षेत्र: स्थानीय थाना क्षेत्र के ढकवा गांव स्थित गौरी शंकर मंदिर के समीप नदी में एक अज्ञात युवक का शव बहता हुआ देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव को नदी में तैरता देख तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय चौकी प्रभारी पवन राय ने बताया कि शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। शव काफी फूला हुआ है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह करीब 23 वर्षीय युवक का है और काफी दिनों से पानी में होने के कारण शरीर विकृत हो गया है।चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में किसी युवक के गायब होने की सूचना मिलने पर ही शिनाख्त संभव हो पाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही शव की पहचान कर ली जाएगी।


