वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित
वाराणसी (जनवार्ता)। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग वाराणसी एवं सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के सौजन्य से गुरुवार को चन्द्रावती एजुकेशनल विशेष विद्यालय एवं मानसिक मंदित आश्रय गृह व सह प्रशिक्षण केन्द्र हरसोस, वाराणसी तथा मालती एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट लोहराडीह, कपसेठी के संयुक्त तत्वाधान में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंदौली विधायक सुशील सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआरसी डायरेक्टर आशीष झा व प्रभारी समन्वयक रमेश सिंह ने उपस्थित होकर वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, छड़ी, कमोड कुर्सी, कुशन कमोड, गले का बेल्ट, घुटने का बेल्ट, कमर बेल्ट आदि सहायक उपकरण प्रदान किए।
सहायक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी छा गई।
अतिथियों का स्वागत आयोजक अरविन्द कुमार सिंह (प्रबंध निदेशक, चन्द्रावती एजुकेशनल ट्रस्ट) तथा अजय कुमार सिंह (प्रबंध निदेशक, मालती एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट) ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। कार्यक्रम का संचालन अरविन्द कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख फुन्नन सिंह, ग्राम प्रधान रमाशंकर यादव, अवनीश कुमार, डब्बू शुक्ला, आनंद सिंह गुड्डू, विनय सिंह, विजय सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

