दहेज उत्पीड़न से तंग आकर विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, चार पर मुकदमा दर्ज

दहेज उत्पीड़न से तंग आकर विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, चार पर मुकदमा दर्ज

वाराणसी (जनवार्ता)। राजातालाब थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। बदैनी कला निवासी विवाहिता दीपिका सिंह की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि मायके से अतिरिक्त धन लाने का दबाव बनाया जाता था। कई बार मायके पक्ष ने ऑनलाइन माध्यम से पैसे भी दिए, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न नहीं रुका।
दीपिका सिंह ने आरोप लगाया कि उसका पति अभिषेक सिंह शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता था, जबकि सास सुमन सिंह, ससुर दिनेश सिंह और ज्येष्ठ युवराज सिंह भी इस उत्पीड़न में उसका साथ देते थे। विरोध करने पर उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी जाती थी।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने दोबारा पैसे लाने से इनकार किया, तो आरोपियों ने मिलकर उसकी पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके सिर में चोट आई।
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले भी ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया था। उस समय सामाजिक पंचायत में समझौता होने के बाद उसे ससुराल भेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद फिर से उत्पीड़न शुरू हो गया।
हालिया घटना में आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके गहने और स्त्रीधन जबरन छीन लिए तथा दोनों बच्चों को अपने पास रख लिया। इसके बाद उसे जबरन वाहन में बैठाकर मातलदेई चौराहे के पास छोड़ दिया गया।
किसी तरह पीड़िता अपने मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद राजातालाब थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में पति अभिषेक सिंह, सास सुमन सिंह, ससुर दिनेश सिंह और ज्येष्ठ युवराज सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   एलन मस्क ने फिर EVM को कोसा,अमेरिकी राष्ट्रपति का बड़ा बयान
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *