मदनपुरा में दुकान में आग, दो लोग बचाए गए
वाराणसी (जनवार्ता) । दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मदनपुरा में गुरुवार दोपहर झाड़ू, पेंट और पैकिंग सामग्री की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छह मंजिला इमारत में फंसे दो लोगों को पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

सूचना पर पहुंचीं दमकल की छह गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान संजय प्रजापति की बताई गई है। पास में ही सतनाम सिंह की ज्वेलरी की दुकान होने से आग फैलने की आशंका थी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

