दो करोड़ से अधिक की ठगी के मामले में होटल प्रकाश पैलेस के पूर्व मैनेजर गिरफ्तार
वाराणसी । धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में लंका थाना पुलिस ने होटल प्रकाश पैलेस के पूर्व मैनेजर हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के अपराध रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत हुई।

बुधवार की रात करीब 9:58 बजे थाना लंका क्षेत्र से हिमांशु गुप्ता पुत्र महेश चंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। यह सफलता पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में हुई। सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर तथा प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया।
थाना लंका में दर्ज मुकदमा संख्या 43/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2), 336, 338 के अंतर्गत जांच चल रही थी। आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उसने अपना अपराध कबूल कर लिया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में हिमांशु गुप्ता ने बताया कि उसका ट्रैवल व्यवसाय था। वह विभिन्न जगहों से लग्जरी कारें किराए पर मंगवाकर चलवाता था। लालच में आकर उसने फर्जी विक्रय पत्र और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए इन वाहनों को बेच दिया। कई लोगों के साथ इसी तरह की ठगी की गई। पुलिस के अनुसार अब तक दो करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है। उसकी निशानदेही पर सात गाड़ियां बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दी गईं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक हिमांशु गुप्ता के खिलाफ वाराणसी और कानपुर नगर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी तथा कूटरचना से जुड़े कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। लंका थाने में ही नौ और चकेरी थाने में तीन मामले हैं। इससे पहले भी उसके खिलाफ 40 लाख रुपये तक की ठगी के नए मामले दर्ज हुए थे। आरोपी मूल रूप से दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव का निवासी है और वाराणसी के रोहित नगर में रह रहा था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उप-निरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल कमल सिंह और कांस्टेबल हृदय कुमार शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है और आगे की जांच जारी है।

