कॉलोनाइजर हत्याकांड में चार गिरफ्तार
जमीन विवाद और कर्ज बना हत्या की वजह
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर में 21 अगस्त को कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या के मामले में वाराणसी पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने घटना के तीन साजिशकर्ताओं जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू, चंदन शुक्ला, श्याम प्रकाश राजभर उर्फ रेखा प्रधान और एक असलहा सप्लायर मुकीम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हथियार तस्कर को भी दबोचा। तस्कर के पास से एक देसी तमंचा (315 बोर), एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, और पांच कीपैड मोबाइल बरामद हुए। फरार शूटरों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्या की वजह करोड़ों की जमीन और भारी कर्ज का विवाद था। मुख्य साजिशकर्ताओं ने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर महेंद्र गौतम को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसमें 50 हजार रुपये नकद दिए गए, शेष रकम बाद में देने का वादा था।
**जमीन विवाद से उपजा हत्याकांड**
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि छह महीने पहले आरोपियों ने सिंहपुर निवासी अंजनीनाथ शुक्ला की 4.5 बिस्वा जमीन 48 लाख रुपये एडवांस देकर खरीदी थी। बाद में इसे महेंद्र गौतम को 1.22 करोड़ रुपये में बेचने का सौदा हुआ। महेंद्र ने 26 लाख रुपये दिए, लेकिन शेष राशि और जमीन न देने से विवाद बढ़ा। जोगेंद्र यादव पर 1.75 करोड़ रुपये का कर्ज भी चढ़ा था।
आरोपियों ने कैलाशनाथ शुक्ला से भी 9 बिस्वा जमीन का सौदा किया था, लेकिन महेंद्र ने इसमें हस्तक्षेप कर प्लॉटिंग रुकवा दी। सिंहपुर की 40 बिस्वा जमीन का मूल्य करीब 40 करोड़ रुपये है, जिसमें से 9 बिस्वा रेखा प्रधान को बेची गई थी। रेखा ने 14 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन महेंद्र ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया, जिससे चंदन और रेखा को भारी नुकसान हुआ।
**सुपारी और मुठभेड़**
कर्ज और नुकसान के दबाव में आरोपियों ने शूटरों को सुपारी देकर हत्या की साजिश रची। असलहा सप्लायर मुकीम 4.5 लाख रुपये लेने जोगेंद्र के पास जा रहा था, तभी पुलिस ने मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार किया। मुकीम ने बताया, “पुलिस ने घेर लिया, तो मैंने फायर कर दिया।”
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह सहित कई अन्य शामिल थे।
**पुलिस की कार्रवाई जारी**
पुलिस अब फरार शूटरों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच कर रही है।