नाले की गैस से चाय बनाकर विरोध कर रहे छात्रों का सामान जब्त, छह नामजद समेत कई पर केस

नाले की गैस से चाय बनाकर विरोध कर रहे छात्रों का सामान जब्त, छह नामजद समेत कई पर केस

वाराणसी (जनवार्ता)। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और किल्लत के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई के छात्रों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनका गैस चूल्हा, सिलेंडर और अन्य सामान जब्त कर लिया। साथ ही छह नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने काशी विद्यापीठ मार्ग स्थित गेट नंबर-एक के पास नाले से गैस निकालकर चूल्हा जलाने और चाय बनाने के जरिए विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। इसके लिए छात्रों ने नाले के पास टेबल लगाकर गैस चूल्हा रखा और पाइप के जरिए नाले से गैस जोड़ने का प्रयास किया।
मामले की सूचना मिलने पर सिगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और छात्रों को हटाते हुए चूल्हा, सिलेंडर, केतली समेत अन्य सामान जब्त कर लिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच बहस भी हुई।
सिगरा इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि यातायात बाधित करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में ऋषभ पांडेय, आशीष मौर्य, रंजीत सेठ, किशन निगम, भरतलाल निगम और जतिन पटेल समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से किशन निगम और भरतलाल निगम का शांति भंग की आशंका में चालान किया गया है।
घटना से जुड़े कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में पुलिस अधिकारियों और छात्रों के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में पुलिसकर्मी सिलेंडर और अन्य सामान को सरकारी वाहन में रखते नजर आ रहे हैं।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   सड़क हादसे में बच्चे बाल बाल बचे, ड्राइवर घायल
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *