दिल्ली रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ महारैली में शामिल होंगे वाराणसी से सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता
वाराणसी (जनवार्ता)। कांग्रेस पार्टी की 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ महारैली को सफल बनाने के लिए वाराणसी से सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के आवाहन पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ता बस, ट्रेन और निजी वाहनों से दिल्ली पहुंच रहे हैं।


महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित शीर्ष नेता शामिल होंगे। पार्टी ‘वोट चोरी’ के आरोपों के जरिए चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर दबाव बना रही है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए यह रैली ऐतिहासिक होगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’, ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ’ के नारे लगाते हुए भाजपा की नीतियों के खिलाफ आक्रोश जताया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा, “वोट चोरी लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा सत्ता बचाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस सड़क से संसद तक इस साजिश का मुकाबला करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी वोट चोरी कर सांसद बने हैं। हम रैली को सफल बनाकर वोट चोरों को बेनकाब करेंगे।”
महानगर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में दिल्ली रवाना हुए। रवाना होने वालों में राघवेंद्र चौबे, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, हसन मेहदी कब्बन, मनोज वर्मा मनु, यासीन राईन, अरविंद कुमार, आनंद चौबे, इम्तियाज अहमद, किशन यादव, अनिल पटेल, अरविंद सोनी, रामजी गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर जबरदस्त उत्साह है और वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करेंगे।

