अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, दो वाहन जब्त
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के लटिया ग्राम सभा में पुलिस ने मंगलवार सुबह अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग और रिपेयरिंग के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में दो वाहन जब्त कर लिए गए, जबकि भारी मात्रा में खाली और भरे गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए।


कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर डायल-100 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि लटिया गांव में बिना किसी लाइसेंस या सुरक्षा मानकों के गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और रिपेयरिंग का काम लंबे समय से चल रहा था। इस अवैध कारोबार से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि गैस रिफिलिंग अत्यंत संवेदनशील कार्य है और यहां सुरक्षा के बुनियादी नियमों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त कर रोहनिया चौकी पर ले आई। पूरे मामले की जानकारी क्षेत्राधिकारी (सीओ) को भी दे दी गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह रैकेट काफी समय से सक्रिय था, जिसकी वजह से आसपास के इलाके में हमेशा खतरा मंडराता रहता था।
मुख्यमंत्री के हालिया निर्देशों के मद्देनजर अब इस मामले में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल का वीडियो भी उपलब्ध है, जो जांच में महत्वपूर्ण सबूत साबित हो सकता है।
पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी व्यक्तियों की पहचान व गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन से जुड़े लोग मान रहे हैं कि इस तरह के खतरनाक अवैध कारोबार पर कड़ी लगाम कसना जरूरी है, ताकि लोगों की जान-माल को किसी भी खतरे से बचाया जा सके।

