पूर्वजों की स्मृति में तुलसी घाट पर पौधा वितरण व पौधारोपण अभियान का शुभारंभ
वाराणसी (जनवार्ता) : पितृ पक्ष के पहले दिन, अश्विनी मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि को तुलसी घाट पर जागृति फाउंडेशन के तत्वाधान में पूर्वजों की स्मृति में 15 दिवसीय पौधा वितरण व पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। पहले दिन स्वर्गीय प्रोफेसर युगल किशोर मिश्र, पूर्व कुलपति, जगतगुरु रामानंदाचार्य विश्वविद्यालय, जयपुर और डॉ. संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी, की स्मृति में पौधा वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर उपेंद्र कुमार त्रिपाठी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के धर्म विज्ञान संकाय के प्रोफेसर व वैदिक विज्ञान समाकलन केंद्र के पूर्व निदेशक, ने कहा कि पितृ पक्ष में पूर्वजों के नाम पर पौधा वितरण पुनीत कार्य है। उन्होंने सभी से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। विशिष्ट अतिथि लोक भूषण सम्मान से सम्मानित साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि पूर्वजों की स्मृति में पौधा लगाने से धरती हरी-भरी होगी। भारतीय किसान महासंघ के महानगर अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण पर जोर देते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता बताई। समाजसेवी अरविंद मिश्रा ने चेतावनी दी कि जंगलों की कमी से सृष्टि खतरे में है, इसलिए पेड़ लगाना जरूरी है।
कार्यक्रम में तुलसी, बेला, गेंदा, पीपल, बरगद और आम के पौधों का वितरण गंगा स्नान करने आए लोगों में किया गया। जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण है। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक विनाश का जिक्र करते हुए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया, जिसमें वृक्षों की कटाई को आपदाओं का प्रमुख कारण बताया गया है।
कार्यक्रम में रामेश्वर मठ के प्रबंधक वरुणेश चंद दीक्षित, स्वामीनारायण नन्द तीर्थ वेद विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जयंती पति त्रिपाठी, योगेश तिवारी, अरविंद त्रिपाठी, हेमंत त्रिपाठी, स्वर्ण प्रताप चतुर्वेदी सहित कई लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संयोजन व संचालन रामयश मिश्र ने किया।