वाराणसी के वस्त्र उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल
यूरोपीय संघ-भारत मुक्त व्यापार समझौते और निर्यात संवर्धन मिशन पर जागरूकता कार्यक्रम 2 सितंबर को
वाराणसी (जनवार्ता)। वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन वस्त्र समिति द्वारा संचालित वस्त्र निर्यात सुविधा केंद्र, वाराणसी की ओर से वस्त्र क्षेत्र की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से 2 सितंबर को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय ‘वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना : वस्त्र क्षेत्र के लिए भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता एवं निर्यात प्रोत्साहन मिशन’ रखा गया है।

कार्यक्रम में वस्त्र आयुक्त, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार सुश्री वृंदा मनोहर देसाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के वस्त्र निर्माताओं, निर्यातकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, हथकरघा तथा परिधान एवं घरेलू वस्त्र उत्पाद निर्माताओं को यूरोपीय संघ के बाजार में उपलब्ध अवसरों और निर्यात बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देना है।
कार्यक्रम में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से भारतीय वस्त्र क्षेत्र को मिलने वाले संभावित लाभ, यूरोपीय बाजार में पहुंच, शुल्क संबंधी रियायतें, मूल देश के नियम, आवश्यक दस्तावेज, नियामकीय अनुपालन और निर्यात के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा निर्यात प्रोत्साहन मिशन के तहत निर्यातकों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को उपलब्ध सहायता, अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच, उत्पादों की पहचान एवं प्रचार, बाजार विकास और क्षमता निर्माण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
विशेषज्ञों द्वारा अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों, उत्पाद अनुपालन, पैकेजिंग एवं लेबलिंग, निर्यात दस्तावेजीकरण, विदेशी बाजारों की जानकारी और विदेशी खरीदारों तक पहुंच बनाने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में वस्त्र निर्यात सुविधा केंद्र, वाराणसी की ओर से प्रदान की जा रही विभिन्न निर्यात सुविधा सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इनमें मुक्त व्यापार समझौते और शुल्क संबंधी जानकारी, वस्तुओं का सामंजस्यपूर्ण प्रणाली के अनुसार वर्गीकरण, मूल देश के नियम, नियामकीय अनुपालन, निर्यात बाजार की जानकारी तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन शामिल है।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर और संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें वस्त्र निर्माता और निर्यातक अपनी समस्याएं तथा निर्यात से जुड़े प्रश्न विशेषज्ञों के समक्ष रख सकेंगे और उनका समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
वस्त्र निर्यात सुविधा केंद्र, वाराणसी की यह पहल वाराणसी और पूर्वांचल के वस्त्र उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ने तथा क्षेत्र से वस्त्र निर्यात को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

