कांशीराम आवास का जर्जर बारजा गिरा, बड़ा हादसा टला
एनडीआरएफ टीम ने फंसे 13 लोगों को सुरक्षित निकाला, स्कूटी क्षतिग्रस्त

वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांशीराम पुलिस चौकी के पुराने कांशीराम आवास में शनिवार की दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ब्लॉक नंबर 87 के तीसरे तल का जर्जर बारजा दोपहर लगभग दो बजे अचानक भरभरा कर नीचे गिर पड़ा। इसके साथ ही दूसरे तल का बरजा भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस समय को नीचे मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। हादसे में नीचे खड़ी रुखसार बेगम की स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के समय तीन परिवार के लोग दूसरे और तीसरे तल पर फंसे रह गए। सूचना पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम को बुलाया। शाम करीब छह बजे पहुंची एनडीआरएफ टीम ने सात महिलाओं, पांच बच्चों व एक पुरुष सहित कुल 13 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। लोगों के बाहर आते ही भीड़ ने भारत माता की जय और एनडीआरएफ जिंदाबाद के नारे लगाकर टीम का उत्साहवर्धन किया।
मरम्मत न होने से जर्जर हालत में आवास-
कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के तहत वर्ष 2009 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती के शासनकाल में यह आवास बना था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्ष 2010 से ही वे यहां रह रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से किसी तरह की मरम्मत नहीं कराई गई।
रुखसार बेगम ने बताया कि “अब यहां रहना खतरे से खाली नहीं है। हर वक्त डर लगा रहता है।” सीता देवी ने कहा कि “कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। अब तो शिकायत करना भी छोड़ दिया है।” वहीं मुमताज बानो ने भी बताया कि “पत्र लिखकर कई बार शिकायत की, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।”
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जर्जर कांशीराम आवास की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

