किरहिया चौराहे पर पुलिस कार्रवाई से उबाल, स्थानीय लोगों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
-थप्पड़ से शुरू हुआ विवाद, पुलिस पर शराब के नशे में मारपीट का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया चौराहे पर रविवार देर शाम उस समय तनाव फैल गया। जब पुलिसकर्मियों और एक चाय दुकानदार के बीच तीखी बहस होने लगी। जिसमें दुकानदार दीपक का आरोप है कि पुलिसकर्मी उनकी चाय की दुकान में घुस आए और बिना किसी ठोस वजह के उसके छोटे भाई विकास को थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने दुकान के अंदर शराब पिलाने का आरोप लगाया। जब परिवार और स्थानीय लोगों ने मौके पर ही जांच कराने की बात कही, लेकिन पुलिस के रवैये से नाराज लोगों का गुस्सा भड़क उठा।


इस घटना से क्षुब्ध दुकानदार के परिजनों ने किरहिया चौराहे पर चक्का जाम कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना को देखते ही देखते चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि किरहिया चौराहा पहले से ही अति संवेदनशील बनता जा रहा है। बीते महीनों में यहां गोली चलने की घटना हो चुकी है, इसके बाद एक युवती के लापता होने का मामला भी सामने आया था और अब यह नया विवाद लोगों में असुरक्षा की भावना को और गहरा कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और इसी हालत में दुकान में घुसकर मारपीट की। लोगों ने कई बार चौराहे पर सीसीटीवी कैमरों की मांग की है लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। यह घटना पुलिस के आचरण और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं स्थानीय पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था और उसी दौरान हल्का फुल्का विवाद की स्थिति बनी और अभी सब सामान्य है।

