मंत्रालय में नौकरी बताने वाले प्रेमी ने तोड़ा शादी का वादा, वीडियो वायरल की दे रहा धमकी
पीड़िता बोली- एक महीने से थाने के चक्कर लगवाए, तहरीर बदलवाकर दर्ज किया मुकदमा
वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने शादी डॉट कॉम के जरिए हुई दोस्ती को शोषण और धोखे में बदलने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि बुलंदशहर निवासी एक युवक ने शादी का वादा करके उससे संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। वहीं पीड़िता के साथ गंदी-गंदी गालियां देने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई। पीड़िता का यह भी कहना है कि वह पिछले एक महीने से थाना प्रभारी को तहरीर दे रही थी, बार-बार टालमटोल के बाद अब थाना प्रभारी ने तहरीर बदलवाकर मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़िता ने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर माह में उसकी मुलाकात बुलंदशहर जिले के एक युवक से शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। आरोपी युवक ने पहले तो शादी का झांसा देकर उससे दोस्ती की और कुछ समय बाद उसे घूमने-फिरने के बहाने मिलना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच घनिष्ठता बढ़ी और आरोपी ने पीड़िता से शारीरिक संबंध बना लिए। पीड़िता के मुताबिक, नए साल में आते ही युवक का रवैया अचानक बदल गया। वह फोन पर गाली-गलौज करने लगा और साफ कह दिया कि अब वह शादी नहीं करेगा।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने शादी की बात दोहराई तो आरोपी ने उसे धमकी देना शुरू कर दिया। उसने कहा कि वह रक्षा मंत्रालय (मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस) में कार्यरत है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। धमकी देते हुए आरोपी ने कहा कि वह पीड़िता की अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा, जिससे उसे समाज में बदनाम होना पड़ेगा।
पीड़िता ने बताया कि वह कई बार थाने पहुंची, लेकिन थाना प्रभारी ने पहले टालमटोल की और फिर एक महीने बाद तहरीर बदलवाकर मुकदमा दर्ज किया। आखिरकार दबाव बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, शारीरिक शोषण और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

