10 स्टेशनों पर एम-यूटीएस सहायक देंगे अनारक्षित टिकट
वाराणसी (जनवार्ता)। रेलवे बोर्ड ने टिकट काउंटरों की भीड़ कम करने के लिए देश के 10 प्रमुख स्टेशनों पर एम-यूटीएस (मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली) सहायक तैनात करने का निर्णय लिया है। ये सहायक स्टेशन परिसर में यात्रियों को अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराएंगे।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी, छपरा, मऊ, बलिया, सिवान, गोरखपुर, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और फर्रुखाबाद स्टेशन इस योजना में शामिल हैं। सहायकों की नियुक्ति के लिए निजी कंपनी को निविदा के माध्यम से जिम्मेदारी दी जाएगी। कंपनी के कर्मचारी कमीशन पर टिकट बेचेंगे।
योजना 30 जून 2027 तक लागू रहेगी। रेलवे को उम्मीद है कि इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी, बिना टिकट यात्रा के मामलों में कमी आएगी और राजस्व बढ़ेगा। सफल परीक्षण के बाद इसे अन्य स्टेशनों पर भी लागू किया जा सकता है।

