महाशिवरात्रि : त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में बाबा दरबार

महाशिवरात्रि : त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में बाबा दरबार

पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक  संपन्न

वाराणसी । अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय, कमिश्नरेट वाराणसी शिवहरी मीना ने त्र्यम्बकेश्वर मीटिंग हॉल में पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में गत वर्षों के अनुभवों के आधार पर संभावित भारी भीड़, संवेदनशील स्थलों, यातायात प्रबंधन, घाटों पर स्नान व्यवस्था, पार्किंग तथा बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का गहन विश्लेषण किया गया।

rajeshswari

मंदिर परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित किया जाएगा जिसमें बाहरी, मध्य और आंतरिक परिक्षेत्र शामिल होंगे तथा प्रत्येक पर अलग-अलग प्रभारी अधिकारी नामित किए जाएंगे। चरणबद्ध प्रवेश व्यवस्था लागू की जाएगी जिसमें मजबूत बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन और आपात निकास मार्गों को पूर्णतः अवरोधमुक्त रखा जाएगा। घाटों पर जल पुलिस, गोताखोरों तथा मोटरबोट की सतत गश्त सुनिश्चित की जाएगी साथ ही फिसलन रोकने के लिए रस्सी बैरिकेड और उचित प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

यातायात डायवर्जन प्लान का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा जिसमें अवैध पार्किंग पर कठोर कार्रवाई तथा आपातकालीन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुनिश्चित किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोनों तथा इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से अफवाहों पर त्वरित नियंत्रण रखा जाएगा तथा आधिकारिक हैंडल से यातायात और सुरक्षा संबंधी अद्यतन सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी।

शिवबारात, पंचकोशी यात्रा तथा चौरासी कोसी यात्रा के लिए जोनवार प्रबंधन, पड़ाव स्थलों तथा यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन तथा आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रखा जाएगा। महिला सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों, एंटी-रोमियो स्क्वॉड तथा विशेष सहायता की व्यवस्था रहेगी। लापता व्यक्तियों के लिए ‘लॉस्ट एंड फाउंड’ केंद्र तथा सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। अतिक्रमण हटाने, लाउडस्पीकर नियंत्रण तथा स्वच्छता के लिए नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

इसे भी पढ़े   काशी का रहस्यमयी नागकूप: कालसर्प दोष से देता है मुक्ति

श्रद्धालुओं के प्रति पुलिसकर्मी विनम्र, संयमित तथा सहयोगात्मक व्यवहार रखेंगे तथा महिलाओं, वृद्धों तथा दिव्यांगों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक के बाद अपर पुलिस आयुक्त ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर तथा प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यवस्थाएं शून्य त्रुटि सिद्धांत पर आधारित होंगी तथा किसी भी लापरवाही पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में गौरव बंशवाल (डीसीपी, जोन काशी),  अनिल कुमार यादव (डीसीपी, सुरक्षा/यातायात),  बैभव बांगर (एडीसीपी, जोन काशी/जल पुलिस), श्रीमती नम्रिता श्रीवास्तव (एडीसीपी, महिला एवं अपराध) तथा अन्य एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी और पुलिस बल शामिल रहे।

वाराणसी पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, यातायात नियमों तथा बैरिकेडिंग व्यवस्था का पूर्ण पालन करें। अनावश्यक भीड़ न लगाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न लाएं तथा छोटे बच्चों और वृद्धों का विशेष ध्यान रखें।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *