कानपुर में काशी की नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म में महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, दोषियों को फांसी की मांग

कानपुर में काशी की नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म में महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, दोषियों को फांसी की मांग

वाराणसी (जनवार्ता)। कानपुर के मंधना क्षेत्र में वाराणसी की एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ हुई कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे काशी में गहरा आक्रोश फैला दिया है। सोमवार को जिला एवं महानगर महिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर भारी प्रदर्शन किया गया।

rajeshswari

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि काशी की नाबालिग बेटी अपने रिश्तेदार के यहां कानपुर गई थी, जहां सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों और एक स्थानीय विधायक के करीबियों द्वारा उसके साथ दरिंदगी की गई। उन्होंने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली करार दिया।

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि पीड़िता को त्वरित न्याय, परिवार को सुरक्षा, आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दी जाए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने प्रदेश सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा, “प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है। मंचों से महिला सुरक्षा की बातें की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।”

महिला कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं कि सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी की सजा दी जाए। पीड़ित परिवार को 24 घंटे सुरक्षा के साथ 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। पीड़िता को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी नीति लागू की जाए।

इसे भी पढ़े   मुझे बचा लीजिए पापा: रात भर से गायब युवती का सुबह आया फोन

महिला कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, अशोक सिंह, रेनू चौधरी, हसन मेहदी कब्बन, दिलीप सोनकर, सारिका श्रीवास्तव, किरण देवी, मोनी, आनंद सिंह, राजेश कुमार मौर्य, चंदन पांडेय, कमलेश यादव, कृष्णकांत समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि काशी की बेटी के साथ हुई इस जघन्य घटना पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *