नगर निगम : मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं का गर्म चाय और अलाव से स्वागत
वाराणसी (जनवार्ता) । कड़ाके की ठंड में गंगा स्नान के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का स्वागत इस बार गर्मागर्म चाय से होगा। नगर निगम ने प्रमुख घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं, जिसमें अलाव जलाकर ठंड से राहत प्रदान करना भी शामिल है।


सबसे खास बात यह है कि यह सेवा कार्य सरकारी खजाने पर नहीं, बल्कि महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर निगम के अधिकारियों के व्यक्तिगत योगदान से संचालित होगा।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शनिवार को हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अपनी ओर से 5000 रुपये की आर्थिक सहयोग राशि देकर इस पुनीत मुहिम की शुरुआत की। उन्होंने अन्य अधिकारियों को भी इस सेवा कार्य में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक समर्थन करते हुए अपने वेतन और निजी बचत से योगदान देने का संकल्प लिया।
प्रमुख घाटों जैसे राजघाट, दशाश्वमेध और अस्सी घाट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर गर्म चाय का वितरण किया जाएगा। ठंड से बचाव के लिए अलाव की निरंतर व्यवस्था रहेगी, जो न केवल प्रमुख घाटों पर बल्कि श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख रास्तों पर भी की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर पर्याप्त अस्थाई चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। साथ ही सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा, “मकर संक्रांति पर पूरी दुनिया से लोग काशी आते हैं। हमारा उद्देश्य है कि उन्हें यहां न केवल स्वच्छता मिले, बल्कि काशी की पारंपरिक मेहमाननवाजी और सेवा भाव का भी अनुभव हो। किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए।”
मकर संक्रांति बुधवार 14 जनवरी को मनाई जाएगी, जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इस पावन अवसर पर नगर निगम की यह सेवा भावना काशी की प्राचीन परंपरा को और मजबूत करेगी, जहां व्यक्तिगत स्तर पर योगदान से भक्तों का स्वागत होगा।

