आरटीआई पोर्टल पर सेवानिवृत्त अधिकारी का नाम, नगर निगम पर सवाल
वाराणसी (जनवार्ता)। सूचना का अधिकार (आरटीआई) व्यवस्था को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। पांच माह पूर्व दाखिल एक आरटीआई आवेदन का निस्तारण अब तक नहीं हो सका है, जबकि पोर्टल पर दर्ज नोडल अधिकारी का नाम और संपर्क विवरण भी गलत पाया गया है।

आरटीआई पोर्टल के अनुसार 23 जनवरी 2026 को दाखिल आवेदन संख्या एनजीएनवीआर/2026/60029 अभी भी प्रक्रियाधीन है। पोर्टल पर कृष्णा चंद्र को नोडल अधिकारी दर्शाया गया है, जबकि संबंधित व्यक्ति के अनुसार वह काफी समय पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं और इस कार्य से उनका कोई संबंध नहीं है।
मामले ने नगर निगम की सूचना प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरटीआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि पोर्टल पर पुरानी जानकारी और सूचना देने में हो रही देरी से आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और पोर्टल पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

