तीन सवारी है खतरनाक जैसे नारों के साथ लोगों को किया जागरूक
जीवनदीप महाविद्यालय में एनएसएस का तृतीय एकदिवसीय कार्यक्रम संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तृतीय एक दिवसीय शिविर में ‘यातायात सुरक्षा जागरूकता रैली’ निकली गई।

जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम का विषय सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा रहा, जिसके माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य के निर्देश पर हुआ।
कार्यक्रम अधिकारी विक्रम प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामाजिक कर्तव्य है और नियम पालन से ही दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं। इसके बाद उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली महाविद्यालय परिसर से निकलकर बड़ा लालपुर से टीएफसी तक पहुंची। स्वयंसेवकों ने हेलमेट है जरूरी, सुरक्षा में है पूरी, सीट बेल्ट बांधो, जीवन से नाता जोड़ो और तीन सवारी है
खतरनाक जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और तीन सवारी चलने वालों को रोककर नियम पालन की सलाह दी गई। रैली के बाद जलपान कराया गया तथा द्वितीय सत्र में सड़क सुरक्षा विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने दुर्घटनाओं के सामाजिक, आर्थिक और मनोवैज्ञानिक प्रभावों पर प्रभावी विचार रखे। प्रतियोगिता में खेल प्रशिक्षक डॉ. राजेश यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवक मौजूद रहे।

