महिलाओं की सुरक्षा के लिए कैंट क्षेत्र में पिंक बूथ का उद्घाटन
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी के कैंट रोडवेज स्टेशन और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में महिलाओं के साथ बढ़ते अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की घटनाओं को देखते हुए युवा फाउंडेशन ने महत्वपूर्ण पहल की है। सिगरा थाना क्षेत्र में नेहरू मार्केट के पास शनिवार को पिंक बूथ का उद्घाटन किया गया, जिससे महिलाओं को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।


कैंट रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के कारण यहां रोजाना हजारों यात्री आते-जाते हैं। इससे क्षेत्र में सामाजिक अशांति बढ़ी थी और महिलाओं का सुरक्षित आवागमन मुश्किल हो गया था, जो काशी की प्राचीन संस्कृति पर भी प्रतिकूल असर डाल रहा था।
इस समस्या के निराकरण के लिए युवा फाउंडेशन ने वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट से सीसीटीवी कैमरे, पिंक बूथ और महिला पुलिस की स्थायी तैनाती की मांग की थी। मांग पर अमल करते हुए सिगरा थाना और पुलिस कमिश्नरेट के सहयोग से यह पिंक बूथ स्थापित किया गया। उद्घाटन का फीता प्रसिद्ध ऑटो चालिका कंचन जायसवाल ने काटा।
यह बूथ महिलाओं को आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करेगा, जिससे वे क्षेत्र में निर्भीक होकर घूम सकेंगी। इससे कैंट क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत होगी और काशी की सभ्यता-संस्कृति की रक्षा में योगदान मिलेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में युवा फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा चौधरी, संरक्षक डम्पी तिवारी (बाबा), जिला अध्यक्ष विकास मौर्या, ऑटो यूनियन अध्यक्ष ईश्वर सिंह, दुर्गेश पांडे, रश्मि, रोड एरिया चौकी इंचार्ज गौरव सिंह, कुसुम, ट्रैफिक पुलिस और 112 की टीम मौजूद रही।

