‘एक्स’ पर पुलिस के जवाब को लेकर उठे सवाल
बड़ागांव थाने की कार्यप्रणाली चर्चा में
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक भूमि विवाद मामले में गोमती जोन पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर दिए गए जवाब को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मामले में पुलिस की ओर से दी गई जानकारी और पूर्व में हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बीच कथित विरोधाभास को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार टिकरी गांव निवासी चंदन पटेल ने आरोप लगाया था कि उनकी भूमि पर न्यायालय के आदेश के तहत निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान विपक्षी पक्ष द्वारा निर्माण से संबंधित पिलर गिरा दिए गए तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में प्रकाशित एक समाचार पर प्रतिक्रिया देते हुए गोमती जोन कार्यालय की ओर से ‘एक्स’ हैंडल पर टिप्पणी की गई कि चंदन पटेल ने केवल ईंटें रखवाई थीं तथा भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन है।

हालांकि स्थानीय स्तर पर इस जवाब को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। आरोप है कि गत 15 मई को राजस्व विभाग की टीम और बड़ागांव पुलिस की मौजूदगी में संबंधित भूमि पर मेड़बंदी की कार्रवाई कराई गई थी। ऐसे में पुलिस की ओर से भूमि विवाद को लेकर दिए गए बयान पर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में पूर्व में कार्रवाई हुई थी, तो सोशल मीडिया पर दिए गए जवाब में उसका उल्लेख न होना कई सवाल खड़े करता है। वहीं कुछ लोगों ने मामले में तथ्यों की स्पष्टता लाने की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। संबंधित पक्षों की ओर से भी पुलिस के बयान पर आपत्ति जताई जा रही है। वहीं पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। मामले की वास्तविक स्थिति और तथ्यों को लेकर लोगों की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

