चंडीगढ़ से गुमशुदा दो नाबालिग बच्चों को रेलवे पुलिस ने बनारस स्टेशन पर किया बरामद
वाराणसी (जनवार्ता): रेलवे पुलिस की सतर्कता से दो नाबालिग बच्चे चंडीगढ़ से गुमशुदा होने के महज कुछ घंटों में बरामद कर लिए गए। दोनों बच्चे मंगलवार को देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस से बनारस स्टेशन पहुंचे थे।

मंगलवार को थाना जीआरपी कैंट वाराणसी की टीम को सूचना मिली कि चंडीगढ़ के मनीमाजरा थाना क्षेत्र से 13 वर्षीय अन्नया और 12 वर्षीय अरमान नामक दो नाबालिग बच्चे लापता हैं। दोनों ट्रेन संख्या 15120 देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस से वाराणसी आ रहे थे।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में उपनिरीक्षक अशोक कुमार ओझा, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार चौबे, कांस्टेबल संदीप तिवारी और मास्टर कांस्टेबल संगम सिंह की टीम ने तुरंत प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंचकर दोनों बच्चों को ट्रेन से उतरते ही पहचानकर कब्जे में ले लिया।
बच्चों को थाना लाकर महिला हेल्प डेस्क पर रखा गया और तुरंत चाइल्ड लाइन वाराणसी को सूचित किया गया। चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गुंजा चौरसिया, सुपरवाइजर सत्येन्द्र सिंह और राजमनी कुमार केशवर्कर मौके पर पहुंचे। दोनों नाबालिगों को सुरक्षित रूप से चाइल्ड केयर संस्था को सौंप दिया गया, जिसके बाद उन्हें रामनगर स्थित राजकीय बालिका गृह में दाखिल कराया गया।
इससे पहले चंडीगढ़ के थाना मनीमाजरा में दोनों बच्चों के लापता होने की सूचना पर मुकदमा संख्या 41/2026 दर्ज किया गया था।

