अमरा विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैनों को सुरक्षा एवं कार्यकुशलता का प्रशिक्षण
शून्य दुर्घटना पर दिया गया जोर
वाराणसी (जनवार्ता) । पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से बुधवार को अमरा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर कुशल एवं अकुशल लाइनमैनों के लिए विशेष सुरक्षा एवं कार्यकुशलता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


प्रशिक्षण सत्र में अधिशासी अभियंता, बरईपुर इंजीनियर अभिषेक कुमार तथा उपखंड अधिकारी राजेश कुमार यादव ने लाइनमैनों को विद्युत कार्यों के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान डिस्चार्ज रॉड, सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट, दस्ताने सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के सही और सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
अधिकारियों ने लाइनमैनों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ फील्ड में कार्य करते समय आवश्यक सावधानियां बरतने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के साथ “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी तकनीकी कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करना चाहिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम करना तथा कर्मचारियों की कार्यक्षमता और तकनीकी दक्षता में वृद्धि करना रहा।

