बीपीएससी परीक्षा में सम्पूर्णानन्द विश्वविद्यालय का दबदबा, 10 में 7 चयनित
वाराणसी (जनवार्ता)। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि उसके सात विद्यार्थियों का चयन बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से सहायक संग्रहालयाध्यक्ष पद पर हुआ है। बताते चलें कि कुल 10 चयनित अभ्यर्थियों में से 7 इसी विश्वविद्यालय के पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम से जुड़े रहे हैं। जिसमें चयनित विद्यार्थियों में शानु आनन्द (2017–18), सुजीत कुमार तिवारी (2018–19), अमित रंजन, सुधा सिंह (2020–21), सुमन कुमारी (2018–19), दिलीप कुमार (2009–10), विवेक शुक्ल (2020–21) शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी उक्त पाठ्यक्रम के पूर्व या वर्तमान छात्र रहे हैं। इस दौरान कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित विद्यार्थी देश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, प्रो. जितेन्द्र कुमार,प्रो.राजनाथ, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, डॉ. विमल कुमार,अभियंता रामविजय सिंह सहित अन्य संकाय सदस्यों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


