सनसनीखेज : प्रेमी ने सोते दंपति को बच्ची समेत की जिंदा जलाने की कोशिश
वरुणा जोन के चौबेपुर थाना अंतर्गत घटना
वाराणसी (जनवार्ता): पुलिस कमिश्नरेट के वरुणा जोन अंतर्गत चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक प्रेमी ने कथित तौर पर सोते हुए दंपति और उनकी छोटी बच्ची को जिंदा जलाने की कोशिश की, लेकिन परिवार के समय पर जागने से वे बाल-बाल बच गए।

घटना के अनुसार, परिवार रात में गहरी नींद में था तभी खिड़की के रास्ते डंडे के सहारे कपड़ा बांधकर पेट्रोल डालकर कमरे में आग लगा दी गई। आग की लपटें और ताप बढ़ते ही दंपति ने तुरंत बच्ची को गोद में उठाया और कमरे से बाहर भाग निकले। बाहर निकलकर उन्होंने देखा कि आग लगाने वाले का भागते जल्दबाजी में एक जूता मौके पर छूटा पड़ा था।
जूते की पहचान करने पर परिवार को पता चला कि यह जूता उस व्यक्ति का है, जो पहले विवाहिता से संबंधित था और घर पर आता-जाता था। पति ने उसे पहले ही कई बार सख्त चेतावनी दी थी कि वह अब उनके घर या गांव के आसपास न दिखे। संभवतः यही पुराना प्रेम संबंध इस घटना का कारण बना।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पीड़ित परिवार ने तत्काल थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

