काशी विश्वनाथ मंदिर में ‘सुगम दर्शन’ के नाम पर ठगी, सात पंडे-दलाल गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) । काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली और दुर्व्यवहार करने के आरोप में दशाश्वमेध पुलिस ने सोमवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपी मंदिर परिसर और बांसफाटक क्षेत्र में सक्रिय थे।

पुलिस के अनुसार, ये लोग श्रद्धालुओं को “सुगम दर्शन” और “विशेष पूजा” कराने के नाम पर तय राशि से कई गुना अधिक पैसे वसूलते थे। विरोध करने पर धमकाते और अभद्रता करते थे। कई श्रद्धालुओं की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इनकी पहचान की और दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
दशाश्वमेध थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, “मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं की लगातार शिकायतों पर कार्रवाई की गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 504, 506 एवं 34 भादवी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में कई और नाम सामने आने की संभावना है।”
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन की आधिकारिक व्यवस्था केवल ऑनलाइन और अधिकृत काउंटरों से ही होती है। कोई भी बिचौलिया या पंडा इसके लिए अधिक शुल्क लेने का अधिकार नहीं रखता। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की धनउगाही की स्थिति में तुरंत मंदिर पुलिस चौकी या दशाश्वमेध थाने में शिकायत करें।
पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, रसीद बुक और पूजा सामग्री बरामद की है। सभी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

