सारनाथ: कॉलोनाइजर हत्याकांड में एक लाख के इनामिया शूटर को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली
साथी फरार
वाराणसी (जनवार्ता) : सारनाथ थाना क्षेत्र में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी शूटर अरविंद यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू यादव को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी विशाल अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला । गिरफ्तार आरोपी गाजीपुर जिले के सिमराफैज गांव का निवासी है।


एसीपी सारनाथ विद्युत सक्सेना ने बताया कि शनिवार की देर रात सारनाथ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी शूटर क्षेत्र में छिपा हुआ है। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अरविंद यादव ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से अवैध असलहे से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। मौके से पुलिस ने एक 9 एमएम की पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और 750 रुपये नकद बरामद किए। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह गिरफ्तारी सारनाथ थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 389/2025 से संबंधित है, जिसमें धारा 103(1), 3(5), 61(2), 238 बीएनएस, 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट, बढ़ोतरी धारा 109(1) बीएनएस और 7/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था। आरोपी पर कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या का मुख्य आरोप है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी से हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।

