छः थानों को मिलेंगे आधुनिक भवन, पुलिस व्यवस्था होगी और मजबूत
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के तहत योगी सरकार पुलिस तंत्र के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दे रही है। इसी क्रम में छह थानों—शिवपुर, फूलपुर, लालपुर-पांडेयपुर, मिर्जामुराद, राजातालाब और बड़ागांव—को जल्द ही आधुनिक प्रशासनिक भवनों की सौगात मिलेगी। जिसमें पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, सभी भवन भूतल प्लस दो मंजिला होंगे, जिनमें पुलिसकर्मियों और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक थाने में एसएचओ, सब-इंस्पेक्टर व हेड कांस्टेबल कक्ष, बैरक, स्टाफ रूम, विजिटर रूम, शिकायत कक्ष, महिला रेस्ट रूम, महिला व पुरुष हवालात, मालखाना, सर्वर रूम, डायल-112 कक्ष, मीटिंग हॉल, किचन, डाइनिंग हॉल, स्टोर व इंटेरोगेशन रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं होंगी और करीब 2922.77 लाख रुपये की लागत से बन रहे ये भवन लगभग 2582 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार किए जा रहे हैं। जो अगस्त-सितंबर 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है। जहाँ आधुनिक सुविधाओं से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। वहीं आम जनता को शिकायत दर्ज कराने व पुलिस से संपर्क में भी आसानी होगी।


