वाराणसी जंक्शन पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का शुभारंभ
सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने वाराणसी जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नए अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा की उपस्थिति में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला सिपाही शमिका ने इस कंट्रोल रूम का शुभांरभ किया।


इस नए कंट्रोल रूम में अब 55 इंच की 12 बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं, जबकि पहले 43 इंच की मात्र 9 स्क्रीन थीं। कैमरों की संख्या भी बढ़कर 186 हो गई है, जिसमें 41 पीटीजेड, 138 बुलेट और 7 डोम कैमरे शामिल हैं। पहले कुल 122 कैमरे थे। इस विस्तार से स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों के अंतिम छोर तक तथा यार्ड क्षेत्र की भी प्रभावी निगरानी संभव हो गई है।
पहले एनवीआर आधारित सिस्टम की जगह अब सर्वर आधारित उन्नत प्रणाली लागू की गई है, जिससे कैमरों का प्रबंधन आसान हुआ है। किसी खराबी पर तुरंत कार्रवाई हो सकती है और रिकॉर्डिंग का ऑटो बैकअप सुरक्षित रहता है, जिसे जरूरत पड़ने पर आसानी से रिकवर किया जा सकता है।
इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान, अपर मंडल रेल प्रबंधक (वाराणसी) बृजेश कुमार यादव, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता अमित कुमार मनी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

