आवारा गोवंश: हाइवे पर मौत का मंडराता साया, हर पल बढ़ रहा हादसे का खतरा
चोलापुर (जनवार्ता): सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने गोवंश एवं गौशालाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया हो, लेकिन उच्चाधिकारियों की शिथिलता के कारण जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। स्थानीय विकास खंड चोलापुर के ठेरही गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप हाईवे के बीचों-बीच आवारा गोवंश का झुंड राहगीरों के लिए गंभीर संकट बन गया है।

सड़क पर बैठने और झुंड के झुंड टहलने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पशुओं के एकाएक सड़क पर आ जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार तो गोवंश को बचाने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गोवंश पकड़ने के लिए ब्लॉक पर पशु कैप्चर गाड़ी मौजूद है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण इसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। लंबे समय से यह समस्या जस की तस बनी हुई है, जबकि शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं।
जनवार्ता प्रतिनिधि ने इस संबंध में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) चोलापुर शिवनारायण सिंह से बात की। बीडीओ ने बताया कि गोवंश को पकड़वाकर गौशालाओं में संरक्षित किया जाएगा। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ये बातें अब तक कागजों तक ही सीमित रही हैं और जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, हाईवे पर जान का खतरा बना रहेगा।

