CUET-UG परीक्षा में अव्यवस्था से छात्रों में नाराजगी, वाराणसी के कई केंद्रों पर देरी से शुरू हुई परीक्षा
वाराणसी (जनवार्ता) । कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) के दौरान वाराणसी के कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था और तकनीकी समस्याओं के कारण परीक्षार्थियों तथा अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा निर्धारित समय से लगभग दो घंटे की देरी से शुरू हुई, जिससे उनकी कठिनाइयां बढ़ गईं।

लोहता और सारनाथ स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा संचालन व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा। पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं थीं, जिससे भीषण गर्मी में परीक्षार्थियों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ी।
परीक्षा देने के लिए भदोही, चंदौली, जौनपुर, गोरखपुर समेत आसपास के जिलों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र वाराणसी पहुंचे थे। छात्रों का कहना था कि दोनों पालियों की परीक्षाएं निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकीं। भदोही से आई एक छात्रा ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को ऐसी अव्यवस्थाओं के कारण मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
वहीं, सारनाथ केंद्र पर मौजूद अभिभावकों ने बताया कि वे अपने बच्चों को परीक्षा दिलाने गोरखपुर से आए थे और समय पर वापसी की योजना बनाई थी, लेकिन परीक्षा में हुई देरी के कारण उनकी यात्रा प्रभावित हो गई। अभिभावकों ने केंद्र के बाहर सफाई और अन्य सुविधाओं की कमी पर भी नाराजगी जताई।
छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा संचालन में सुधार तथा केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

