मोबाइल चोरी के शक में किशोर की पीट-पीटकर हत्या
आरोपी पुलिस चौकी पर छोड़कर भागे
वाराणसी| रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर में मोबाइल चोरी के शक में 17 वर्षीय किशोर सोनू अली की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शनिवार रात घर के बाहर बैठे सोनू को कन्नाडाड़ी के कुछ युवकों ने अगवा कर लिया और ओवरब्रिज के नीचे ले जाकर बुरी तरह पीटा।

घायल किशोर की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे भदवर चौकी ले गए। वहीं सोनू की मां शहाना बेगम भी बेटे को ढूंढते हुए निकलीं और आरोपी वाहन के पीछे कुछ दूर तक गईं। इसके बाद उन्होंने चौकी पर सूचना दी।
आरोपी युवक भी घायल सोनू को लेकर चौकी पहुंचे और उस पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। हालत और बिगड़ने पर उसे पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पशु तस्कर हैं और सोनू पुलिस को मुखबिरी करने वाला था। इसी शक में उन्होंने उसे अगवा कर मार डाला।
रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और पूछ रहे हैं कि इतने गंभीर आरोप में आरोपी खुद पुलिस चौकी क्यों आए और फिर फरार कैसे हो गए।

