वाराणसी: केदार घाट पर गंगा में डूबने से किशोर की मौत
वाराणसी (जनवार्ता) । महाराष्ट्र के सतारा जिले से काशी घूमने आए 15 वर्षीय किशोर प्रयाग सचिन की गंगा स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई।


भेलूपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध केदार घाट पर परिवार के साथ वाराणसी भ्रमण पर आया प्रयाग सचिन सुबह गंगा स्नान कर रहा था। अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और भेलूपुर पुलिस को सूचित किया। तुरंत एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने गंगा की गहराई में तलाशी ली और किशोर को पानी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक प्रयाग सचिन की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सतारा जिले से पर्यटन के लिए आए इस किशोर की अकाल मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। परिजन काशी दर्शन के बाद वापसी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन यह हादसा सब कुछ बदल गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। केदार घाट पर गहरे पानी और तेज धारा को देखते हुए पर्यटकों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

