फुलवरिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोर की मौत, दो दोस्त घायल
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में रविवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार तीन दोस्त घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय किशोर विकास की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी आशीष और गंगा घायल हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बजरडीहा के सुदामापुर निवासी विकास अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। फुलवरिया के पास उनकी स्कूटी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने विकास को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों घायल साथियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विकास के पिता सबलु ने बताया कि उनका बेटा दोस्तों के साथ घर से निकला था। हादसा कैसे हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस से सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंचे, जहां बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
विकास एक भाई और एक बहन में बड़ा था। उसकी छोटी बहन का नाम जोया है। किशोर की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

