कांशीराम आवास में फिर गिरा जर्जर मकान का छज्जा, दहशत में लोग
11 दिनों में तीसरी घटना, डीएम को शिकायत देने पहुंचे क्षेत्रवासी, कई ब्लाकों की हालत जर्जर
वाराणसी (जनवार्ता)। कांशीराम आवास में जर्जर भवनों के छज्जे गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पुराने कांशीराम आवास के ब्लाक नंबर 75 का छज्जा करीब 11 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि हादसे के समय उसके नीचे कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।


लगातार छज्जे गिरने की घटनाओं से कांशीराम आवास के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें हर समय इस बात की चिंता सताती रहती है कि कब किस मकान का छज्जा गिर जाए और कोई इसकी चपेट में आ जाए। बीते 11 दिनों में छज्जा गिरने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में लोग जर्जर भवनों की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देने पहुंचे। लोगों ने आवासों की जर्जर स्थिति की जांच कराकर आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम कराने की मांग की।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पुराने कांशीराम आवास के ब्लाक नंबर 61, 93, 75, 37, 35, 47 समेत कई अन्य ब्लाकों की हालत बेहद जर्जर है। कई भवनों में छज्जे और प्लास्टर टूटकर गिर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवनों का तत्काल सर्वे कराकर खतरनाक हिस्सों की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

