चोलापुर : सर्राफा दुकान में शटर तोड़कर लाखों की चोरी
सीसीटीवी और डीवीआर भी उठा ले गए चोर
वाराणसी (जनवार्ता) । चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत चमरहा बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने एक सर्राफा दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और चांदी-सोने के जेवरात व नगदी लूट ली। वारदात के बाद उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया और उसका डीवीआर भी साथ ले गए।

पीड़ित दुकानदार वीरेंद्र कुमार सेठ (बहलोलपुर निवासी) ने बताया कि उनकी दुकान ‘सेठ जगन्नाथ राजकुमार ज्वेलर्स’ है। शनिवार रात दुकान बंद कर वे घर लौट गए थे। भोर करीब तीन बजे काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए जा रहे एक परिचित ने फोन पर सूचना दी कि दुकान का शटर खुला है और बाहर संदिग्ध लोग खड़े दिख रहे हैं। सूचना मिलते ही वे तुरंत दुकान पहुंचे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे।
दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने लगभग 700 ग्राम चांदी के जेवरात, करीब 2,000 रुपये नगद और 1 ग्राम सोने के आभूषण चुरा लिए। मुख्य तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन हैंडल टूटने के बावजूद वह नहीं खुल सकी। यदि तिजोरी खुल जाती तो कई लाख रुपये के जेवरात चोरी हो सकते थे।
चोरों ने CCTV फुटेज नष्ट करने के लिए कैमरा क्षतिग्रस्त कर डीवीआर भी उठा लिया। सूचना पर चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
गौरतलब है कि चमरहा बाजार वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर स्थित है और पुलिस चौकी चंदापुर व चोलापुर थाने के बीच पड़ता है। इसके बावजूद लगातार हो रही चोरियां व्यापारियों में दहशत फैला रही हैं। मात्र 10 दिन पहले 18 फरवरी की रात इसी बाजार में चोरों ने एक ही रात में पांच गुमटियों के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान चुरा लिया था।
व्यापारियों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और नियमित गश्त की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

