चोलापुर में लाखों की चोरी से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत
वाराणसी (जनवार्ता)। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गोसाईपुर छोटा गांव में रविवार तड़के अज्ञात चोरों ने एक रिहायशी मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर कमरे में रखा लोहे का बक्सा खंगाल ले गए। बक्से में रखे सोने के मंगलसूत्र समेत एक लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण और कीमती रेशमी साड़ियां चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

पीड़ित मकान मालिक वीरेंद्र प्रताप मिश्र के अनुसार, शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह खाना खाने के बाद सो गए थे। तड़के करीब दो बजे से पौने तीन बजे के बीच अज्ञात चोर किसी तरह मकान में दाखिल हो गए। सन्नाटे का फायदा उठाकर चोरों ने कमरे में रखे लोहे के बक्से का कुंडा और ताला तोड़ दिया।
इसके बाद चोर बक्से में रखा सोने का मंगलसूत्र, कीमती आभूषण और महंगी रेशमी साड़ियां समेटकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

