नींद की झपकी से बेकाबू हुआ ट्रेलर, डिवाइडर तोड़कर दुर्घटनाग्रस्त
वाराणसी (जनवार्ता)। अलीनगर थाना क्षेत्र के कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक ट्रेलर बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रेलर सड़क किनारे लगे लोहे के मजबूत डिवाइडर को तोड़ते हुए जा टकराया।

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यह वाहन अयोध्या से माल खाली कर बिहार के सासाराम की ओर जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

