वाराणसी: जिलाधिकारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का किया जमीनी सत्यापन

वाराणसी: जिलाधिकारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का किया जमीनी सत्यापन

“गांव की समस्या, गांव में समाधान” के तहत ग्राम रामपुर में सुनी जनता की फरियादें

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता) । जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शुक्रवार को विकास खंड काशी विद्यापीठ के अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर में जन चौपाल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी सत्यापन किया और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए ग्रामवासियों से एक-एक कर उनकी परेशानियां सुनीं। राशन वितरण, बिजली, पेयजल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।

उन्होंने ग्रामीणों से हाथ उठवाकर सीधे सत्यापन कराया कि क्या उन्हें इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अधिकांश ग्रामीणों ने हाथ उठाकर पुष्टि की कि उन्हें योजनाओं का संतोषजनक लाभ प्राप्त हो रहा है। जिन पात्र लाभार्थियों को अभी तक पेंशन नहीं मिल रही थी, उनके लिए जिलाधिकारी ने तुरंत ऑनलाइन आवेदन करने का निर्देश दिया और संबंधित अधिकारियों को कैम्प लगाकर लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के आदेश दिए।

जन चौपाल में जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति, हैंडपंप रिबोरिंग, मनरेगा के तहत तालाब निर्माण, गली-नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने ग्रामवासियों से सफाई में सहयोग करने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने आवास, शौचालय निर्माण और पेंशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया और कहा कि पंचायत सचिवालय को जन सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाए ताकि ग्रामीणों को किसी भी सरकारी योजना के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े।

इसे भी पढ़े   लोहता में तेज रफ्तार कार दुर्घटना

जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर जनपद स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *